

जिला नारायणपुर
जिला कांग्रेस कमेटी नारायणपुर के जिला महामंत्री एवं प्रवक्ता अमित भद्र ने NEET पेपर लीक मामले तथा छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों की सभी जायज़ मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की है।
NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना देश की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार, इस घटना से लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य और विश्वास को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में अपनी जवाबदेही तय करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहिए और दोषियों को कठोर कानूनी सजा दिलानी चाहिए।
आरोप लगाया कि जब छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हैं और उन पर बल प्रयोग किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। सरकार का दायित्व छात्रों की समस्याओं का समाधान करना है, न कि उनकी आवाज़ को दबाना। देश की युवा पीढ़ी ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवाओं का भविष्य असुरक्षित होगा तो देश का भविष्य भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि छात्र केवल एक परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, समान अवसर और न्यायपूर्ण व्यवस्था की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, और कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा, “अगर छात्रों की आवाज़ उठाना सियासत है, तो हम ऐसी सियासत लगातार करते रहेंगे। छात्रों के भविष्य और न्याय पर कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।”
मुख्य मांगें:
NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए।
पेपर लीक के सभी दोषियों और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
छात्रों की सभी जायज़ मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए। अंत में कहा कि विद्यार्थियों का खोया हुआ समय और टूटा हुआ विश्वास वापस नहीं लाया जा सकता। इसलिए सरकार को संवेदनशीलता के साथ छात्रों की बात सुनते हुए न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।



