न्यायिक व वैधानिक आदेशों का पालन करें प्रशासन परिवहन संघ चुनाव विवाद पर आप पार्टी नरेन्द्र नाग का बयान


स्थगन आदेश को ठेंगा दिखाकर चुनाव कराने पर अड़े भाजपाई, सत्ता के दबाव में संविधान और कानून की उड़ रही धज्जियां – नरेन्द्र नाग
परिवहन संघ के चुनाव में भाजपा नेताओं की दखलअंदाजी पर आप नेता का तीखा हमला, 28 नवंबर को चुनाव कराने की कोशिश हुई तो करेंगे परिवहन मंत्री का होगा पुतला दहन
नारायणपुर– आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बीते कुछ महीनो से नारायणपुर मालक परिवहन संघ में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है, जिसका सबसे मुख्य कारण है,कि प्रदेश के परिवहन मंत्री केदार कश्यप का निर्वाचन क्षेत्र है। ऐसे में मंत्री जी अपने निर्वाचन क्षेत्र में भाजपाई परिवहन अध्यक्ष चाहते हैं।अपनी इसी सोच को अमलीजामा पहनाने के लिए उन्होंने अपने सबसे करीबी भाजपा नेता व नगरपालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा को चुना है। लेकिन क्षेत्र की जनता चार बार के पार्षद जयप्रकाश शर्मा की कार्यशैली से पूरी तरह वाकिफ है। सत्ता और धन-बल का प्रयोग कर चुनाव जीत जाना बहुत बड़ी बात नहीं होती,सिर्फ चुनाव जीत जाने से कोई जननेता नहीं बन जाता। जननेता को जमीन और जनता से हमेशा जुड़ा रहना पड़ता है। लेकिन जयप्रकाश शर्मा की फितरत है, कि वो चुनाव जीतने के बाद फिर सीधे अगले चुनाव में ही जनता के बीच जाते हैं। नारायणपुर जिले में निको जायसवाल कंपनी की मनमानी से जिलेवासी पहले ही त्रस्त हैं, जिसके लिए परिवहन संघ के सदस्यों सहित जिलेवासियों को भी एक क्रांतिकारी नेतृत्व की आवश्यकता है। एक कड़वा सच ये भी है,कि सत्ता पक्ष का नेता चाटुकारिता के लिए मजबूर होता है,वो किसी भी स्थिति में अपने सरकार का विरोध नहीं कर पायेगा। खराब सड़क,धूल,टोल टैक्स,टायर और पार्ट्स के बढ़ती कीमतों के बीच निको प्रबंधन से रेट बढ़ाने की लड़ाई सत्ता पक्ष से जुड़े नेता के नेतृत्व में किसी भी कीमत पर संभव नहीं है।
संविधान दिवस का सम्मान है, तो न्यायालय के आदेश पर करें अमल
नरेन्द्र नाग ने कहा कि भाजपा और आरएसएस कि नीति हमेशा से ही संविधान विरोधी रही है। यदि परिवहन मंत्री केदार कश्यप, जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन में बैठे हुए अधिकारी और स्थानीय भाजपा नेता संविधान का सम्मान करते हैं,तो उन्हें सक्षम प्राधिकारी के आदेश का पालन करना होगा।
जिलाध्यक्ष का खुला समर्थन,असमंजस में पूरी कांग्रेस
नारायणपुर जिले में इस वक्त के सबसे चर्चित मामले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष के हालिया क्रियाकलापों को लेकर पूरे जिले में कांग्रेस की भूमिका पर असमंजस की स्थिति दिखाई दे रही है। जिलाध्यक्ष राजेश दीवान नारायणपुर मालक परिवहन संघ के विवादित मामले में बीजेपी और आरएसएस नेताओं का पक्ष लेते दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेस के कई नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के बीच भी इस विषय को लेकर चर्चाएँ हो रही हैं। जहाँ बीजेपी नेताओं पर परिवहन में कथित गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं जैसे आरोप लगाए गए हैं। ऐसे समय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष का उन्हीं नेताओं के समर्थन में खड़ा दिखाई देना कई सवाल खड़े कर रहा है।
सहायक पंजीयक के आदेश की अवमानना बर्दाश्त नहीं
आम आदमी पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि न्यायालय और वैधानिक प्राधिकारी इस देश के संविधान के अभिन्न अंग हैं, उनके आदेश की अवहेलना संविधान की हत्या है। भाजपा और आरएसएस संविधान विरोधी हो सकते हैं, लेकिन हम संविधान की रक्षा के लिए सर कटाने को भी तैयार खड़े लोग हैं। हम किसी भी कीमत में सत्ता के दबाव में संविधान की हत्या नहीं होने देंगे। सहायक पंजीयक फर्म एवं संस्थाएं बस्तर संभाग द्वारा चुनाव स्थगन का आदेश जारी होने के बाद भी चुनावी प्रक्रिया चल रही है और इस कारनामा को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर देख रहा है। यदि 28 नवंबर को चुनाव करवाने का प्रयास किया गया,तो हम परिवहन मंत्री का पुतला दहन करेंगे।




