नारायणपुरहेल्थ

नारायणपुर: ताडोकुर में जंगली सूअर तो ब्रेहबेड़ा में भालू का हमला, दोनों घायल ग्रामीण अस्पताल में भर्ती

नारायणपुर में जंगली जानवरों का हमला: एक ही दिन में दो ग्रामीण हुए गंभीर रूप से घायल

जिला नारायणपुर में जंगली जानवरों के हमले की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, ओरछा ब्लॉक के ग्राम ताडोकुर में जंगली सूअर ने 66 वर्षीय ग्रामीण पर हमला कर दिया, वहीं मेटनार पंचायत के ग्राम ब्रेहबेड़ा में खेत से घर लौट रहे 56 वर्षीय ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। दोनों घटनाओं में घायल ग्रामीणों को संजीवनी 108 एंबुलेंस की मदद से नारायणपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

जंगल में बैल चराने के दौरान जंगली सूअर का हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओरछा ब्लॉक की कस्तूरमेटा पंचायत के ग्राम ताडोकुर निवासी 66 वर्षीय घासी राम नाग जंगल में बैल चराने गए थे। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे पर आंख के ऊपर गहरा घाव हो गया। मुंह और नाक से लगातार खून बहने के कारण उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

खेत से घर लौट रहे ग्रामीण पर भालू ने किया हमला
दूसरी घटना मेटनार पंचायत के ग्राम ब्रेहबेड़ा की बताई जा रही है। गांव निवासी 56 वर्षीय डूंगा राम शाम करीब 5 बजे अपने खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके जाँघ पर गहरा घाव आया और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद उन्हें संजीवनी 108 एंबुलेंस की सहायता से नारायणपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है।

वन विभाग के अधिकारी को फोन के माध्यम से दी गई घटना की जानकारी
नारायणपुर वन मंडल अधिकारी वेंकटेश एम. जी. (IFS) को जंगली जानवर के हमले में घायल ग्रामीण के संबंध में अवगत कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, वन मंडल अधिकारी ने घायलों के मामले में नियमानुसार जांच कर उचित मुआवजे की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देने की बात कही है।

ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील
लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद जंगल और खेतों के आसपास काम करने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। ग्रामीणों से अपील है कि वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग और आपातकालीन सेवा को सूचना दें।

Maad Sandesh
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!