मावली मेला से पहले गरीबों पर संकट, नगर की सभी राशन सोसायटियों पर ताले ; जय वट्टी

जिला नारायणपुर
नगरपालिका क्षेत्र में गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के सामने गंभीर खाद्य संकट खड़ा हो गया है। नगर की सभी उचित मूल्य की राशन सोसायटियों पर ताले जड़े होने से पात्र परिवारों को चावल नहीं मिल पा रहा है। इस मुद्दे को लेकर नगर पालिका पार्षद जय वट्टी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
पार्षद जय वट्टी ने कहा कि भाजपा सरकार खुद को गरीबों की हितैषी बताती है, लेकिन जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। सरकार के दावों के बावजूद गरीबों के हक की राशन सोसायटियां बंद पड़ी हैं और शासन-प्रशासन पूरी तरह मौन है। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों बाद विश्वप्रसिद्ध मावली मेला आयोजित होने जा रहा है, लेकिन उससे पहले ही गरीब परिवारों की थाली से राशन गायब हो गया है।
पार्षद वट्टी ने इसे भाजपा सरकार की गरीब-विरोधी नीतियों का स्पष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि गरीबों का नाम सिर्फ भाषणों और पोस्टरों तक सीमित रह गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आज जिला कलेक्टर महोदया को ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें मांग की गई है कि दो दिनों के भीतर सभी बंद राशन सोसायटियों को खोला जाए और पात्र परिवारों को तत्काल चावल वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और जिला प्रशासन की होगी, और इसका जवाब जनता आने वाले समय में जरूर देगी।




