

नारायणपुर में चर्च की सुरक्षा पर उठे सवाल, माता मरियम की प्रतिमा को लात मारकर हिलाया, अगले दिन पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास
जिला नारायणपुर
नारायणपुर जिले के सेक्रेड हार्ट कैथोलिक चर्च परिसर में माता मरियम की पवित्र प्रतिमा के साथ लगातार दो दिनों में हुई घटनाओं ने पूरे ईसाई समुदाय को गहरी चिंता एवं आक्रोश में डाल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 नवंबर 2026 को चर्च परिसर में स्थापित माता मरियम की प्रतिमा को लात मारकर उसके मूल स्थान से हिला दिया गया तथा उसे तोड़ने का प्रयास किया गया। हालांकि प्रतिमा को तोड़ने का प्रयास सफल नहीं हो पाया। इसके ठीक अगले दिन 24 नवंबर 2026 की रात्रि लगभग 12:20 बजे उसी प्रतिमा पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया गया।
ये दोनों घटनाएँ अत्यंत गंभीर एवं निंदनीय हैं। किसी धार्मिक स्थल में स्थापित पवित्र प्रतिमा के साथ इस प्रकार की हरकत करना पूरे ईसाई समुदाय की धार्मिक आस्था एवं भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला कृत्य है। इस संबंध में पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई जा चुकी है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व 02 जनवरी 2023 को भी नारायणपुर के कैथोलिक चर्च में तोड़फोड़ की गंभीर घटना घटित हो चुकी है। पूर्व में चर्च को निशाना बनाए जाने और अब पुनः सेक्रेड हार्ट कैथोलिक चर्च में माता मरियम की प्रतिमा को लात मारकर हिलाने, तोड़ने तथा पेट्रोल डालकर आग लगाने के प्रयास की घटनाओं ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार इस प्रकार की घटनाओं से नारायणपुर जिले के ईसाई समुदाय में भय, आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। धार्मिक स्थलों एवं धार्मिक प्रतीकों को निशाना बनाए जाने की घटनाएँ किसी भी सभ्य एवं लोकतांत्रिक समाज के लिए चिंताजनक हैं।
विशेष रूप से आगामी क्रिसमस पर्व से पहले इस प्रकार की घटनाएँ होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। क्रिसमस प्रेम, शांति, भाईचारे एवं मानवता का संदेश देने वाला पर्व है। ऐसे समय में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जिस प्रकार का वातावरण निर्मित किया जा रहा है, उससे ईसाई समुदाय के लोग अपने धार्मिक स्थलों एवं पर्व के आयोजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ईसाई समुदाय स्पष्ट करना चाहता है कि वह जिले में शांति, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे में विश्वास रखता है। समुदाय किसी भी प्रकार के सामाजिक तनाव के पक्ष में नहीं है, लेकिन अपने धार्मिक स्थलों, धार्मिक आस्था एवं संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
समुदाय की प्रमुख मांगें:
23 एवं 24 नवंबर की दोनों घटनाओं की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच कर दोषियों की पहचान की जाए।
दर्ज FIR के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।
02 जनवरी 2023 को कैथोलिक चर्च में हुई तोड़फोड़ की घटना को भी गंभीरता से लेते हुए वर्तमान घटनाओं के संदर्भ में आवश्यक समीक्षा की जाए।
सेक्रेड हार्ट कैथोलिक चर्च सहित जिले के सभी चर्चों एवं ईसाई धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
आगामी क्रिसमस पर्व के दौरान चर्चों में विशेष पुलिस सुरक्षा एवं नियमित गश्त की व्यवस्था की जाए।
जिले में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने एवं विभिन्न समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय रहते कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस गंभीर मामले को लेकर समस्त ईसाई समुदाय की ओर से जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन देकर उचित कार्रवाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है। साथ ही राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग एवं मानवाधिकार आयोग के समक्ष भी इस मामले को उठाया जा रहा है।
समस्त ईसाई समुदाय जिला प्रशासन से मांग करता है कि इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएँ, ताकि नारायणपुर जिले में सभी धर्मों के लोग शांति, सम्मान एवं सुरक्षा के साथ रह सकें और आगामी क्रिसमस पर्व भयमुक्त वातावरण में मनाया जा सके।




