नारायणपुररायपुर

स्थगन आदेश को ठेंगा दिखाकर चुनाव कराने पर अड़े भाजपाई : फूलसिंह कचलाम

कांग्रेस जिलाध्यक्ष की भूमिका पर भी उठाए सवाल

भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और न्यायालयीन आदेशों की अनदेखी का आरोप, 28 नवंबर को चुनाव कराने की कोशिश हुई तो भाकपा करेगी उग्र आंदोलन

नारायणपुर– भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सह सचिव फूलसिंह कचलाम ने नारायणपुर मालक परिवहन संघ के चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में वैधानिक आदेशों की अनदेखी कर चुनाव कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के परिवहन मंत्री केदार कश्यप अपने निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा समर्थित अध्यक्ष बनाना चाहते हैं, जिसके लिए स्थानीय भाजपा नेताओं के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया जा रहा है।कचलाम ने कहा कि नारायणपुर जिले के लोग पहले से ही निको जायसवाल कंपनी की कथित मनमानी, खराब सड़कों, धूल, टोल टैक्स और बढ़ती महंगाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में परिवहन संघ को ऐसे मजबूत और निष्पक्ष नेतृत्व की जरूरत है, जो ट्रक मालिकों और परिवहन व्यवसायियों के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष से जुड़े नेताओं के प्रभाव में रहने वाला नेतृत्व कंपनी के खिलाफ प्रभावी संघर्ष नहीं कर पाएगा।

संविधान दिवस पर संविधान और कानून का सम्मान करने की नसीहत

भाकपा नेता ने भाजपा नेताओं और जिला प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि यदि वास्तव में संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सम्मान है, तो सहायक पंजीयक फर्म एवं संस्थाएं, बस्तर संभाग द्वारा जारी चुनाव स्थगन आदेश का पालन किया जाना चाहिए। आदेश जारी होने के बावजूद चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ाना कानून और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष की भूमिका पर भी उठाए सवाल

कचलाम ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवहन संघ के विवाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भाजपा और आरएसएस से जुड़े नेताओं का समर्थन करते दिखाई दे रहे हैं। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में राजनीतिक दलों को स्पष्ट और निष्पक्ष रुख अपनाना चाहिए।

28 नवंबर को चुनाव कराने की कोशिश हुई तो होगा उग्र आंदोलन

भाकपा प्रदेश सह सचिव फूलसिंह कचलाम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वैधानिक प्राधिकारी द्वारा जारी चुनाव स्थगन आदेश की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद यदि 28 नवंबर को मालक परिवहन संघ का चुनाव कराने का प्रयास किया गया, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि कानून और नियम सभी के लिए समान हैं। सत्ता के प्रभाव में किसी भी संस्था की लोकतांत्रिक और वैधानिक प्रक्रिया को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। यदि स्थगन आदेश के बावजूद चुनाव कराने की कोशिश होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।

Maad Sandesh
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!