

जिला नारायणपुर
पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में सीट वृद्धि और नए भवन निर्माण की मांग को लेकर नारायणपुर के छात्र-छात्राओं ने आज एक दिवसीय धरना एवं रैली का आयोजन किया। रैली के बाद छात्रों ने कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब है कि जिले के गठन (2007) के बाद से अब तक मात्र 50 सीट वाला छात्रावास संचालित है, जिसमें स्कूल और कॉलेज दोनों के विद्यार्थी रहते हैं। सीमित सीटों के चलते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ आवासीय सुविधा से वंचित रह जाते हैं, जिससे कई मेधावी विद्यार्थी पढ़ाई छोड़ने या बाहर मजदूरी करने को मजबूर हो जाते हैं।
धरना स्थल पर छात्र-छात्राएँ हाथों में “अपना अधिकार मांगते” लिखे कार्ड लेकर नारेबाजी करते दिखे।
एन.एस.यू.आई. जिला अध्यक्ष विजय सलाम ने कहा कि –
“हमारे विधायक प्रदेश सरकार में मंत्री हैं, फिर भी नारायणपुर के युवाओं की समस्या की अनदेखी की गई। यदि 200 सीटों का छात्रावास तत्काल बनाया जाता है तो हजारों छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा।”
कार्यक्रम में उमेश कर्मा ने छोटेडोंगर कॉलेज की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि –
“आवासीय सुविधा के अभाव में छात्र वहाँ पढ़ाई नहीं करते, और कॉलेज लगभग बंद होने की स्थिति में पहुँच गया है।”

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही छात्रावास की सीट वृद्धि और नए भवन की मांग पूरी नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।




