छत्तीसगढ़नारायणपुर

साइबर क्राइम के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान”

जिला- नारायणपुर

जिला नारायणपुर में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल द्वारा जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ

प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी की भावना से प्रेरित यह अभियान साइबर अपराध के विरुद्ध जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने तथा छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है।

“साइबर जागृति अभियान” का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ राजधानी रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं माननीय उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। प्रदेश स्तरीय शुभारंभ के साथ ही अभियान को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला नारायणपुर में आज पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल द्वारा “साइबर जागृति अभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अभियान के लोगो एवं QR कोड का विमोचन किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल ने दी अभियान की जानकारी

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल द्वारा “साइबर जागृति अभियान” के उद्देश्य, इसकी थीम, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा जिले में अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं। साइबर अपराधों से बचाव के लिए आम नागरिकों में जागरूकता एवं सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा यह प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जनभागीदारी को अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी प्रकार साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा।

साइबर जागृति की एक सेल्फी” है अभियान की मुख्य थीम”

“साइबर जागृति अभियान” की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” है। अभियान के अंतर्गत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक को क्लिक कर अथवा QR कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली “सेल्फी फ्रेम” में अपनी सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट एवं शेयर करेंगे।

प्रदेशभर के लाखों नागरिकों द्वारा इस सेल्फी फ्रेम को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स एवं अन्य नागरिकों तक पहुंचेगा। इस प्रकार सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच का उपयोग करते हुए साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, “साइबर जागृति की एक सेल्फी” लें और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें। उन्होंने विशेष रूप से सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

नारायणपुर जिले में सात सप्ताह तक होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम

“साइबर जागृति अभियान” को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नारायणपुर पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह के दौरान विभिन्न वर्गों एवं संस्थानों को केंद्रित करते हुए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रथम सप्ताह — डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी सुरक्षा
स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता, ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी दी जाएगी।

द्वितीय सप्ताह — वित्तीय धोखाधड़ी एवं यूपीआई सुरक्षा
बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के सहयोग से वित्तीय धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड एवं सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

तृतीय सप्ताह — डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल
वरिष्ठ नागरिकों के साथ टाउन हॉल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल एवं अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।

चतुर्थ सप्ताह — स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सेफ ब्राउज़िंग
महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउज़िंग एवं डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

पंचम सप्ताह — जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग
युवाओं को जॉब फ्रॉड, फिशिंग एवं ऑनलाइन रोजगार के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के लिए रोजगार कार्यालयों, आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

षष्ठम सप्ताह — डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया सुरक्षा
डेटा प्राइवेसी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

सप्तम सप्ताह — “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” संकल्प अभियान
ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।

सार्वजनिक स्थानों पर भी होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

नारायणपुर पुलिस की जिला स्तरीय टीमों एवं स्थानीय थाना पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से अभियान के क्यूआर कोड का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इसके साथ ही नारायणपुर पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स तथा विभिन्न व्हॉट्सऐप समूहों के माध्यम से अभियान की लिंक एवं जागरूकता संबंधी संदेश साझा किए जाएंगे तथा नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

02 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन

प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” का समापन 02 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के अवसर पर किया जाएगा। इस अवसर पर साइबर अपराध से मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक जागरूक रहें, अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन को दें।

“जागरूक बनें, सुरक्षित रहें — साइबर अपराध के विरुद्ध एकजुट हों।”

Maad Sandesh
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!