

नाबालिग बालिका को सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भेजने एवं परेशान करने के मामले में नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई।
आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में जिले में महिला एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार एवं श्री ऐश्वर्य चंद्राकर तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नारायणपुर श्री अजय सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी श्री रामनरेश गौतम के नेतृत्व में नाबालिग बालिका से संबंधित अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार किया गया।
मामले का विवरण – दिनांक 27.11.2026 को थाना नारायणपुर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई गई कि एक शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्रा को दिनांक 22.11.2026 से 25.11.2026 के मध्य इंस्टाग्राम के माध्यम से लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजे गए तथा विद्यालय में भी परेशान किया जा रहा था। उक्त शिकायत के संबंध में गठित समिति की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 119/2026, धारा 78(ii), 79 बी.एन.एस. एवं धारा 11(iv), 12 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पीड़िता एवं संबंधित व्यक्तियों के कथन लेखबद्ध किए गए तथा आवश्यक दस्तावेज एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन विधिवत जब्त किया गया। प्रकरण में आरोपी को दिनांक 27.11.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को दिनांक 10.12.2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
नारायणपुर पुलिस महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर गंभीरतापूर्वक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




