नारायणपुर को मिला 23वां नया पुलिस अधीक्षक, रॉबिंसन गुरीया ने संभाला कार्यभार


नारायणपुर, 08 जुलाई 2025
भारतीय पुलिस सेवा के 2020 बैच के अधिकारी रॉबिंसन गुरीया ने आज नारायणपुर जिले के 23वें पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे 15 फरवरी 2024 से नारायणपुर में ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) के रूप में कार्यरत थे।
राज्य सरकार के आदेशानुसार प्रभात कुमार का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर से पुलिस अधीक्षक (विशेष आसूचना शाखा), पुलिस मुख्यालय, अटल नगर, नवा रायपुर के पद पर किया गया है। स्थानांतरण के फलस्वरूप आज विधिवत रूप से प्रभात कुमार ने रॉबिंसन गुरीया को कार्यभार सौंपा।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान रॉबिंसन गुरीया ने प्रभात कुमार को भावभीनी विदाई दी और उनके नए दायित्व हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, संजय महादेवा, सुशील नायक, उप पुलिस अधीक्षक अभिषेक केसरी, लौकेश बंसल, मनोज कुमार मण्डावी, डॉ. प्रशांत देवांगन, आशीष नेताम, अरविंद किशोर खलखो, कुलदीप बंजारे, अमृता पैकरा, रक्षित निरीक्षक सोनू वर्मा एवं मो. मोहसिन खान सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।




