परिवहन संघ विवाद में तीन दलों की एंट्री, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन — परिवारवाद व राजनीतिकरण के आरोप


जिला नारायणपुर — मालक परिवहन संघ में चल रही अध्यक्ष-सचिव की खींचतान अब राजनीतिक रंग ले चुकी है। जिले के तीन प्रमुख राजनीतिक दलों — कांग्रेस, CPI और आम आदमी पार्टी — के नेताओं ने आज कलेक्टर के नाम एडीएम वीरेंद्र बहादुर पंचभाई को ज्ञापन सौंपकर संघ की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिसेल नाग, CPI जिला सचिव फूलसिंह कचलाम और AAP के लोकसभा अध्यक्ष नरेंद्र नाग ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि संघ की वर्तमान कार्यकारिणी में परिवारवाद और व्यक्तिवाद हावी है, तथा अधिकतर पदाधिकारी बीजेपी से जुड़े हैं। नेताओं ने कहा कि आम सदस्यों के पास जहाँ एक-एक ट्रक है, वहीं रसूखदार पदाधिकारियों के पास 10–11 ट्रक हैं।
आरोप यह भी लगाया गया कि संघ द्वारा 2005 से पहले निवासरत लोगों को ही सदस्यता देने का नियम होने के बावजूद, लाभ के लिए बाहरियों को सदस्यता दी गयी साथ ही, संघ और बुढ़ादेव अंजरेल माइंस श्रमिक विकास समिति के बीच गाड़ियों के आदान-प्रदान और आर्थिक हित साधने के आरोप भी सामने आए हैं।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने समस्त सदस्यों के ट्रकों की संख्या, पुराने हिसाब-किताब और राजनीतिकरण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की, तो नगर बंद, चक्का जाम और लौह अयस्क का परिवहन रोकने जैसे आंदोलन किए जाएंगे। साथ ही जांच पूरी होने तक नए ट्रकों की अनुमति पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।




