

पत्रकार रौनक शिवहरे प्रकरण को लेकर नारायणपुर में पत्रकारों का मौन प्रदर्शन
जिला नारायणपुर
नारायणपुर पत्रकार रौनक शिवहरे के खिलाफ दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना में दर्ज प्रकरण के विरोध में नारायणपुर जिले के पत्रकारों ने सोमवार को अंबेडकर पार्क के सामने मौन प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया और मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की।
दोपहर करीब 12 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अंबेडकर पार्क के सामने जिले के पत्रकार एकत्रित हुए और मौन धरने पर बैठे। इस दौरान पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर निष्पक्ष जांच कराने और झूठे प्रकरण को वापस लेने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने कहा कि यदि पत्रकारों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई होती है तो यह स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की स्वतंत्रता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
मौन प्रदर्शन के बाद पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा और मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम एसडीएम नारायणपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकार रौनक शिवहरे एवं उनके परिवार के विरुद्ध दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की गई।
पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी प्रकार की गलत कार्रवाई हुई है तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों पर भी उचित कार्रवाई की जाए।




