नारायणपुर

हर्षोल्लास से मना 79वां स्वतंत्रता दिवस, विधायक विक्रम उसेण्डी ने ली परेड की सलामी, शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

जिला नारायणपुर


नारायणपुर, 15 अगस्त 2025 // राष्ट्रीय पर्व 79वां स्वतंत्रता दिवस जिले में पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेण्डी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया के साथ परेड का निरीक्षण किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश जनता के नाम वाचन किया। रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ राष्ट्रगान व हर्ष फायर से समारोह का शुभारंभ हुआ।

परेड का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक अविनाश कंवर और उप निरीक्षक संजय टोप्पो ने किया। परेड में बीएसएफ, आईटीबीपी, सीएएफ, जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी एवं विद्यालय दलों ने भाग लिया। बीएसएफ को प्रथम, जिला पुलिस बल महिला को द्वितीय और आईटीबीपी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। शस्त्र रहित मार्च पास्ट में रामकृष्ण मिशन एनसीसी बालिका ने प्रथम स्थान हासिल किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में सीनियर वर्ग में स्वामी आत्मानंद विद्यालय महावीर चौक प्रथम, स्वामी आत्मानंद विद्यालय बखरूपारा द्वितीय, और कस्तुरबा गांधी विद्यालय सुलेंगा तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय देवगांव प्रथम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बंगलापारा द्वितीय और विश्वदिप्ती स्कूल बंगलापारा तृतीय रहे।

मुख्य अतिथि ने 26 शहीद परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि श्री उसेण्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक माओवादी आतंक मुक्त भारत का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है। पिछले 20 महीनों में 450 माओवादी मारे गए और 1578 गिरफ्तार हुए। उन्होंने परलकोट विद्रोह के 200 वर्ष पूरे होने पर शहीद गेंदसिंह की वीरता को याद किया और बस्तर क्षेत्र के विकास के लिए नई रेल परियोजनाओं को ‘विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ की धमनियां’ बताया।

कार्यक्रम में पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, सर्व आदिवासी समाज संरक्षक रूपसाय सलाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मण्डावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेण्डी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ओरछा मंगड़ूराम नुरेटी, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, पार्षदगण, अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Maad Sandesh
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!