राजनीति

सोनपुर सड़क चौड़ीकरण को लेकर आप पार्टी का आरोप: “गरीबों पर कार्रवाई, रसूखदारों को छूट क्यों?”

जिला नारायणपुर, 

आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोनपुर सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए शहर के विकास को लेकर आवाज बुलंद की है। पार्टी ने कहा कि नए कलेक्टर के आगमन से शहर में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं, लेकिन अब इन उम्मीदों को जमीन पर उतारने की आवश्यकता है।

आप पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सोनपुर सड़क शहर की मुख्य धमनियों में से एक है, जो आज भी सकरी और जर्जर हालत में है। इसके चलते आए दिन जाम और दुर्घटनाएं होती हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “गरीबों पर बुलडोजर और रसूखदारों पर रहम क्यों?” सड़क चौड़ीकरण के नाम पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई को लेकर उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

 नरेन्द्र नाग ने कहा कि प्रदेश के अन्य शहरों में जहां तेजी से सड़क चौड़ीकरण और शहरी विकास कार्य किए जा रहे हैं, वहीं नारायणपुर को नजरअंदाज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल विकास का मुद्दा नहीं, बल्कि शहर की जरूरत बन चुकी है।

आप पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सोनपुर सड़क चौड़ीकरण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

पार्टी ने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देशित कर नारायणपुर से मरोड़ा मार्ग तक चल रहे सड़क कार्य की तरह शहर के भीतर भी चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।

“अब इंतजार नहीं, विकास चाहिए” के नारे के साथ आम आदमी पार्टी ने साफ किया है कि वह जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और शहर के समग्र विकास के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Maad Sandesh
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!