

नारायणपुर– भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष भगवती हलदर ने महिला आरक्षण मुद्दे पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस देश की जनता को गुमराह कर केवल महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रही है,जबकि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को वास्तविक अधिकार और राजनीतिक भागीदारी देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया, जिसका एनडीए गठबंधन ने पूर्ण समर्थन किया,वहीं इंडिया गठबंधन ने इसका खुला विरोध किया, जो कांग्रेस और उसके घटक दलों की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। श्रीमती हलदर ने बताया कि नगर पालिका परिषद नारायणपुर की सामान्य सभा की बैठक में भी महिला आरक्षण बिल के समर्थन में प्रस्ताव रखा गया, जहां सर्वसम्मति से महिला आरक्षण के पक्ष में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ सभी पार्षदों ने एकमत होकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इस बैठक में कांग्रेस के दो पार्षदों जयसवाल वट्टी और विजय सलाम ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया तथा कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के विरोधात्मक रवैये के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करने में सहयोग दिया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस के भीतर भी कई जनप्रतिनिधि महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन कॉंग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व राजनीतिक कारणों से इसका विरोध कर रहा है। कांग्रेस और विपक्षी महागठबंधन ने संसद में महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने वाले इस महत्वपूर्ण कदम को बाधित करने का प्रयास किया। जबकि यह बिल देश की आधी आबादी के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और भागीदारी के लिए संकल्पित रही है। वहीं कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है और महिलाओं के नाम पर जनता को भ्रमित करने का काम करती है। श्रीमती हलदर ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने ही उन दो पार्षदों से सीख लेनी चाहिए, जिन्होंने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर नारी शक्ति के सम्मान में महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया। उन्होंने महिला हित में समर्थन देने वाले सभी पार्षदों, विशेषकर कांग्रेस से जुड़े युवा पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की दिशा में सकारात्मक संदेश देता है।
जय-विजय को नोटिस भेजकर माँगा जवाब- दीवान
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश दीवान ने मीडिया से चर्चा में कहा की मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका परिषद नारायणपुर के दोनों कांग्रेसी पार्षद जयसवाल वट्टी और विजय सलाम को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कारण बताओं नोटिस जारी कर पांच दिवस के भीतर उनका जवाब मांगा गया है, उनके जवाब के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
जय-विजय की राजनीतिक करियर पर लग सकता है,अल्पविराम या पूर्णविराम
महिला आरक्षण बिल पर नगर पालिका परिषद नारायणपुर में सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित होने की खबर सामने आने के बाद दोनों कांग्रेसी पार्षदों के नियत पर सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ इस महिला आरक्षण बिल के विरोध में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और युवा कांग्रेसियों के आदर्श नेता राहुल गांधी जहां सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ रहे हैं,वहीं कांग्रेसी पार्षद भाजपा के निंदा प्रस्ताव को समर्थन दे रहे हैं। कांग्रेसी पार्षदों के इस हरकत पर माफी नामुमकिन सा नजर आ रहा है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन इस महिला आरक्षण बिल का लगातार विरोध कर रहा है, ऐसे में यदि इन दोनों पार्षदों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही हुई तो उनके राजनीतिक करियर पर अल्पविराम या पूर्णविराम लग सकता है।




