

नारी शक्ति का सम्मान : रूकसाना बड़गुजर बनीं ‘मिसेस नारायणपुर’
नारायणपुर,
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में एजी सिनेमा हॉल ऑडिटोरियम, नारायणपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन, मिसेस नारायणपुर प्रतियोगिता तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के सम्मान समारोह सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष इन्द्रप्रसाद बघेल, श्रीमती रामशीला नाग, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेण्डी तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बस्तर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त की राशि जारी की गई। इस योजना से प्रदेश की महिलाएँ आर्थिक रूप से सशक्त होकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित “मिसेस नारायणपुर” प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मिसेस एशिया इंटरनेशनल थाइलैंड 2024 ममता प्रसाद, मिस नारायणपुर 2022 जिज्ञासा श्रीवास्तव तथा मिसेस फेस ऑफ छत्तीसगढ़ 2026 चन्द्रप्रभा यादव शामिल थीं। प्रतियोगिता में 21 प्रतिभागियों ने भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीन चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम दौर में श्रीमती रूकसाना बड़गुजर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर “मिसेस नारायणपुर” का खिताब अपने नाम किया। वहीं श्रीमती दशरी सोरी द्वितीय तथा श्रीमती रीता हरपाल तृतीय स्थान पर रहीं।

विजेता एवं उपविजेताओं को क्राउन, सैश और मोमेंटो प्रदान किए गए। साथ ही विनोद ट्रैक्टर्स बखरूपारा की ओर से प्रथम विजेता को वॉशिंग मशीन, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को मिक्सी और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को कुकर सेट भेंट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी ओरछा श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने किया।




