नारायणपुरशिक्षा

हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती

नारायणपुर – पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय नारायणपुर में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण के साथ मनाई गई।
दिन की शुरुआत प्रातः काल में भव्य प्रभात फेरी के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने देशभक्ति के नारों के साथ जन-जागरूकता का संदेश दिया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण किया गया।
मुख्य औपचारिक कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री परमानंद दण्डसेना एवं समस्त शिक्षकगणों द्वारा पूज्य बापू और शास्त्री जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन स्कूल कैप्टन भविष्य धनकर और सुनील कुमेटी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक एवं विचारोत्तेजक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया:

कक्षा 12वीं की छात्रा हिमानी तथा 11वीं की छात्रा साधना उसेंडी ने अपने ओजस्वी भाषण से दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर प्रकाश डाला।

छात्र पिंकेश ने देशभक्ति गीत “हम लाए हैं तूफ़ान से कश्ती निकाल के” गाकर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।छात्रा भाविनी बघेल ने सुप्रसिद्ध कविता “चल पड़े जिधर दो डग मग में” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में विचार गोष्ठी के दौरान सामाजिक विज्ञान शिक्षक अखिलेश शर्मा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के प्रेरक जीवन प्रसंगों, सादगी और सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, इतिहास के प्रवक्ता अनुपम शुक्ल ने वर्तमान वैश्विक एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान में गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों की प्रासंगिकता पर रोचक एवं प्रभावशाली वक्तव्य दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री परमानंद दण्डसेना ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की भूरि-भूरि सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
इस गरिमामय अवसर पर शिक्षक एवं शिक्षिकाओं में अनुपम शुक्ल, प्रशांत मैती, आकाश पटेल, निखिल कुमार, अखिलेश शर्मा, रॉबिउल अव्वल, मेघा सिंह, सुकृति श्रीवास्तव, रानी राठौर सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

Maad Sandesh
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!