

जिला – नारायणपुर
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), नारायणपुर के सभागार में 28वीं युवा संसद प्रतियोगिता का गरिमामय एवं भव्य आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने भारतीय संसद की कार्यप्रणाली का जीवंत मंचन करते हुए प्रश्नकाल, शून्यकाल, पक्ष-विपक्ष की बहस और संसदीय मर्यादाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं राज्य लघु वनोपज बोर्ड के अध्यक्ष रुपसाय सलाम रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत नारायणपुर के अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र बघेल, सांसद प्रतिनिधि मंगऊ राम कावड़े एवं भाजयुमो जिला अध्यक्ष जैकी कश्यप उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य के. कमलापदम ने वरिष्ठतम शिक्षक महिपाल सिंह की उपस्थिति में अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने नवोदय विद्यालय की शिक्षण परंपरा तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
युवा संसद के प्रभारी शिक्षक अनुपम शुक्ल ने कार्यक्रम के उद्देश्य और संसदीय लोकतंत्र के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं तथा स्वस्थ एवं तार्किक बहस की संस्कृति को आत्मसात करने का आह्वान किया।
सदन में उठे बस्तर और जनसरोकार से जुड़े मुद्दे
युवा संसद के दौरान विद्यार्थियों ने नारायणपुर और बस्तर संभाग सहित सुदूर आदिवासी क्षेत्रों से जुड़े अनेक विषय सदन में उठाए। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्थानीय रोजगार, रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था तथा नक्सल उन्मूलन जैसे विषयों पर पक्ष और विपक्ष के बीच तार्किक बहस हुई।
संसदीय भूमिकाओं में विद्यार्थियों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यशस्वी सोनसर्वे ने स्पीकर की भूमिका में सदन की कार्यवाही का संचालन किया। गीत नाग ने प्रधानमंत्री की भूमिका निभाते हुए सरकार की नीतियों एवं विकास योजनाओं का पक्ष रखा। वहीं त्रियांशी नेताम ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल किए। फाल्गुनी ने गृहमंत्री की भूमिका में आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सरकार का पक्ष प्रस्तुत किया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि श्री रूपसाय सलाम ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, आत्मविश्वास और संसदीय नियमों की समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों में इतनी परिपक्वता और तार्किक सोच देखकर देश और बस्तर के भविष्य को लेकर विश्वास मजबूत होता है।
विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, तथ्यपरक प्रस्तुति एवं मंच संचालन की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ 28वीं युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




