हर घर तिरंगा अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन


शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिजली में विद्यार्थियों को अधिकार, सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी
नारायणपुर, 14 अगस्त 2026
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिजली, जिला नारायणपुर में विधिक जागरूकता शिविर एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति नारायणपुर श्री जीतेन्द्र कुमार ठाकुर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती बरखा रानी वर्मा एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
शिविर में अधिकार मित्र वर्षा यादव तथा सखी वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय बोर्ड एवं महिला एवं बाल विकास विभाग नारायणपुर के संयुक्त सहयोग से विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, बच्चों के अधिकार एवं कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा, साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
देशभक्ति नारों से गूंजा विद्यालय परिसर
हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालय परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय” सहित देशभक्ति के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास जिला मिशन समन्वयक श्रीमती बिंदेश्वरी साहू ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्रीमती लिपिका कुरूप, श्रीमती सच्ची देवांगन, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों के साथ-साथ बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।




