

जिला नारायणपुर
जिला मुख्यालय नारायणपुर में ऐतिहासिक माता मावली मेला श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया। मेले के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम एवं नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल उपस्थित रहे। उन्होंने माता मावली की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मेले की विधिवत शुरुआत माता मावली मंदिर में पारंपरिक पूजा-अर्चना और परघाव के साथ हुई। आसपास के गांवों से स्थानीय देवी-देवताओं के समागम के साथ भव्य जुलूस निकाला गया तथा मेला स्थल पर ढाई परिक्रमा की रस्म पूरी की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने देव विग्रहों के प्रतीक स्वरूप डंगई, लाठ, डोली और छत्र की पारंपरिक विधि से अगवानी और पूजा-अर्चना की।
समागम स्थल पर माता मावली, कोट गुड़ीन, शीतला माता, कोकोड़ी करीन, तेलवाड़ीन माता, कंकालीन माता, सोनकुंवर, भीमादेव सहित अनेक स्थानीय देवी-देवताओं के आगमन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सिरहा, पुजारी एवं गायता की उपस्थिति में श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम एवं नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल ने कहा कि मावली माता के आशीर्वाद से बस्तर की संस्कृति और परंपरा सदा अक्षुण्ण रहे। यह मेला सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जहां दूर-दूर से लोग आकर लोक, कला और संस्कृति से रूबरू होते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल के मड़ई-मेला लोक जीवन, कला और परंपरा का संगम हैं तथा नारायणपुर का मावली मेला ऐतिहासिक और ख्याति प्राप्त लोकोत्सव है।
उन्होंने बताया कि 11 से 16 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस मेले में प्रतिदिन संध्या को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
11 फरवरी: स्थानीय लोक नृत्य दलों की प्रस्तुति
12 फरवरी: बस्तर अंचल लोकरंग ग्रुप (सोनू मानिकपुरी)
13 फरवरी: बस्तर भूमकाल सांस्कृतिक लोक संस्था
14 फरवरी: सुनील सोनी नाइट्स एंड ग्रुप
15 फरवरी: आरू साहू लोक गायिका ग्रुप
16 फरवरी: अलंकार बैंड, बिलासपुर
मेले की रौनक बढ़ाने के लिए मीना बाजार, झूले, दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, फैन्सी स्टॉल और मिष्ठान दुकानों से मेला स्थल सुसज्जित है। भारी संख्या में ग्रामीण एवं सैलानी मेले में पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा पार्किंग, पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर सरपंच छोटेडोंगर संध्या पवार, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेण्डी, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्यगण, पार्षदगण, कलेक्टर नम्रता जैन, एसपी रॉबिनसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. राजेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





